आगरा। बंद घरों की रेकी कर चोरी करने वाले गैंग का थाना सदर बाजार पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गैंग के दो आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी के करीब 55 ग्राम पीली धातु और 516 ग्राम सफेद धातु के आभूषण बरामद किए हैं। बरामद माल की अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस अब गैंग से जुड़े अन्य सक्रिय सदस्यों की तलाश में जुटी है।
पुलिस के अनुसार, गैंग के सदस्य बंद मकानों की पहचान करने के लिए बाकायदा रेकी करते थे। किसी मकान के बाहर सूखी नाली या लंबे समय से साफ-सफाई नहीं होने जैसे संकेत मिलने पर उन्हें घर के लंबे समय से बंद होने का अंदाजा हो जाता था। इसके बाद आसपास के लोगों की गतिविधियों पर नजर रखी जाती थी। आरोपी करीब सात दिन तक रेकी करने के बाद वारदात को अंजाम देते थे। घर के आसपास आवाजाही और परिवार के आने-जाने की जानकारी जुटाने के बाद रात में ताला तोड़कर चोरी की जाती थी।
मामला 28 अगस्त का है। सदर बाजार क्षेत्र निवासी वादी ने पुलिस को सूचना दी थी कि वह अपने ससुराल गया था। इसी दौरान चोर उसके घर में घुस गए। घर के गेट समेत कमरों के ताले टूटे मिले। चोरों ने अलमारी का लॉकर तोड़कर उसमें रखे सोने-चांदी के आभूषण और नकदी पार कर दी थी। तहरीर के आधार पर थाना सदर बाजार में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।सीसीटीवी फुटेज से खुला रास्ता।
चोरी के बाद पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। संदिग्धों की गतिविधियों और फुटेज में मिले हुलिए के आधार पर उनकी पहचान का प्रयास शुरू किया गया। मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया गया। इसी दौरान पुलिस को आरोपितों के संबंध में महत्वपूर्ण सूचना मिली।

पुलिस टीम ने 31 अगस्त को मुखबिर की सूचना पर नाई का नगला ब्राह्मण रोड के पास से दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान अमित उर्फ डैकेट पुत्र करण सिंह, निवासी नगला जस्सा, थाना सदर बाजार और छोटू पुत्र रमेशचंद्र, निवासी टुंडपुरा पंचायत घर के पास, थाना सदर बाजार के रूप में हुई।
पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से दो सोने की चेन, चार अंगूठियां, छह नग कान के टॉप्स, पांच नाक की लौंग, दो टुकड़ा चांदी, दो चांदी की चेन, तीन अंगूठियां, सफेद धातु की छह जोड़ी पायल, एक प्लेट, सात सिक्के, एक मछली, एक नारियल और एक सुपारी बरामद की है। पुलिस के मुताबिक बरामद आभूषण उसी चोरी की वारदात से जुड़े हैं।
एक आरोपी पर कई मुकदमे दर्ज
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी अमित उर्फ डैकेट का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ सदर बाजार और ताजगंज थानों में चोरी, नकबजनी समेत अन्य धाराओं में कई मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। इससे पुलिस को आशंका है कि यह गैंग पहले भी बंद मकानों को निशाना बना चुका है।
पूछताछ में पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि गैंग में और कितने सदस्य सक्रिय हैं और चोरी के माल को ठिकाने लगाने में कौन-कौन लोग मदद करते थे। पुलिस का फोकस उन लोगों पर भी है, जो बंद मकानों की जानकारी जुटाकर गैंग तक पहुंचाते थे।
सूखी नाली बनी गैंग के लिए ‘सिग्नल’
जांच में सामने आए इस तरीके ने पुलिस को भी चौंकाया है। गैंग के सदस्य केवल ताला और मकान देखकर चोरी का फैसला नहीं करते थे, बल्कि घर के आसपास के हालात को पढ़ते थे। सूखी नाली को लंबे समय से घर बंद होने का संकेत मानना, फिर कई दिन तक निगरानी रखना और परिवार की गैरमौजूदगी की पुष्टि के बाद वारदात करना उनके तरीके का हिस्सा था।
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ के आधार पर गैंग के अन्य सक्रिय सदस्यों और पूर्व में की गई वारदातों का पता लगाने में जुटी है। साथ ही बरामद आभूषणों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि गैंग की चोरी की अन्य घटनाओं से कड़ियां जोड़ी जा सकें।

