आगरा। थाना न्यू आगरा क्षेत्र के खंदारी चौराहा स्थित गुलमोहर वाटिका में संचालित शांति माइंड केयर क्लीनिक में देर रात चोरी की वारदात से हड़कंप मच गया। चोर ने क्लीनिक की छत के रास्ते अंदर प्रवेश किया और दरवाजा तोड़कर हजारों रुपये का सामान समेट ले गया।
लाल रंग की पेंट और काली शर्ट पहना है युवक
पूरी घटना क्लीनिक में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज में लाल रंग के कपड़े और टी-शर्ट पहने एक युवक चोरी करता हुआ स्पष्ट दिखाई दे रहा है। क्लीनिक संचालिका प्रिया श्रीवास्तव ने बताया कि सुबह जब वह क्लीनिक पहुंचीं तो मुख्य दरवाजा टूटा मिला और अंदर का सामान बिखरा पड़ा था।

फिजियोथैरेपी की मशीन अन्य सामान चोरी
जांच करने पर पता चला कि चोर फिजियोथेरेपी में इस्तेमाल होने वाली महंगी मशीन, इनवर्टर और एसी का कॉपर वायर सहित हजारों रुपये का सामान चोरी कर ले गया। घटना की जानकारी तत्काल पुलिस को दी गई।
प्रिया श्रीवास्तव ने दयालबाग चौकी पहुंचकर मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई है। उनका कहना है कि आरोपी का चेहरा सीसीटीवी कैमरे में साफ दिखाई दे रहा है। यदि पुलिस फुटेज के आधार पर जांच करे तो आरोपी की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार किया जा सकता है।
बताया गया कि शांति माइंड केयर क्लीनिक में बच्चों की मनोवैज्ञानिक काउंसलिंग, फिजियोथेरेपी और मानसिक रूप से विशेष जरूरत वाले (एब्नॉर्मल) बच्चों का उपचार किया जाता है।
उपचार का संबंध भी ले गए चोर
यहां ऐसे कई बच्चे नियमित रूप से इलाज के लिए आते हैं, जिन्हें विशेष देखभाल और थेरेपी की आवश्यकता होती है। चोरी के कारण उपचार में उपयोग होने वाले उपकरणों का नुकसान हुआ है, जिससे मरीजों को भी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
गुलमोहर वाटिका में चोरी की पहली घटना
स्थानीय लोगों का कहना है कि रिहायशी इलाके में इस तरह की घटना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है। लोगों ने पुलिस से क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने और आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।
फिलहाल पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर आरोपी की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
साक्ष्य जुटा रही पुलिस
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही आरोपी तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा। घटना के बाद क्षेत्र के अन्य क्लीनिक और व्यापारियों में भी सुरक्षा को लेकर चिंता का माहौल है।
Videos

