चंबल में बेटी को डुबोया, दिल्ली में लिखाई गुमशुदगी… ऐसे खुला कत्ल का राज

Date:

आगरा। थाना बासौनी क्षेत्र के गांव लखनपुरा के पास चंबल नदी में 18 वर्षीय युवती को जिंदा डुबोकर मारने के आरोप ने इलाके में सनसनी फैला दी है। मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि युवती को कथित तौर पर उसके अपने पिता ने ही दिल्ली से दवा दिलाने के बहाने बासौनी लाया और चंबल नदी में धक्का दे दिया। आरोप है कि वारदात के दौरान उसने फोटो और वीडियो भी बनाए। घटना के बाद आरोपी दिल्ली लौट गया और बेटी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करा दी, लेकिन पुलिस जांच में पूरा मामला खुल गया।

पुलिस के अनुसार 18 वर्षीय खुशी दिल्ली के थाना तिगड़ी क्षेत्र में अपने परिवार के साथ रहती थी। 29 जुलाई 2026 की सुबह उसके पिता लखपत सिंह उसे इलाज कराने और दवा दिलाने का बहाना बनाकर अपने साथ आगरा के बासौनी क्षेत्र ले आए। आरोप है कि लखनपुरा गांव के पास चंबल नदी किनारे पहुंचने के बाद उसने बेटी को नदी में धक्का दे दिया। घटना के बाद आरोपी वहां से चला गया और सीधे दिल्ली पहुंचकर थाना तिगड़ी में बेटी की गुमशुदगी दर्ज करा दी, ताकि किसी को उस पर शक न हो।

मोबाइल लोकेशन की जांच

गुमशुदगी की जांच के दौरान दिल्ली पुलिस को आरोपी के बयान और घटनाक्रम पर संदेह हुआ। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मोबाइल लोकेशन के आधार पर जांच आगे बढ़ाई तो पता चला कि खुशी आखिरी बार अपने पिता के साथ बासौनी क्षेत्र में देखी गई थी। इसके बाद दिल्ली पुलिस की टीम बासौनी पहुंची और स्थानीय पुलिस के सहयोग से जांच शुरू की। पूछताछ और मोबाइल की जांच में आरोपी के फोन से घटना से जुड़े फोटो और वीडियो मिलने का दावा किया गया, जिसके बाद मामला पूरी तरह खुल गया।

चंबल नदी में चलाया सर्च ऑपरेशन

घटना की जानकारी मिलते ही दिल्ली पुलिस और बासौनी पुलिस ने संयुक्त रूप से चंबल नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू कराया। पीएसी के गोताखोरों की टीम भी शव की तलाश में लगाई गई है। हालांकि अब तक युवती का शव बरामद नहीं हो सका है। दूसरे दिन खराब मौसम और नदी के तेज बहाव के कारण तलाशी अभियान प्रभावित रहा। पुलिस का कहना है कि मौसम सामान्य होते ही दोबारा व्यापक स्तर पर सर्च ऑपरेशन चलाया जाएगा। खबर लिखे जाने तक शव की तलाश जारी थी।

पिता से हिरासत में लेकर पूछताछ

फिलहाल आरोपी पिता लखपत सिंह को हिरासत में लेकर उससे गहन पूछताछ की जा रही है।
पुलिस पूरे घटनाक्रम के पीछे की वजह और हत्या के संभावित कारणों की भी जांच कर रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारी लगातार निगरानी बनाए हुए हैं।

साक्षी जताने में लगी पुलिस

पुलिस का कहना है कि शव बरामद होने और अन्य साक्ष्य जुटाने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
इस सनसनीखेज घटना ने न केवल बासौनी क्षेत्र बल्कि दिल्ली और आगरा पुलिस महकमे को भी झकझोर दिया है। जिस पिता पर बेटी की सुरक्षा की जिम्मेदारी थी, उसी पर उसकी हत्या का आरोप लगने से हर कोई स्तब्ध है। अब सभी की निगाहें चंबल नदी में चल रहे सर्च ऑपरेशन और पुलिस की आगे की कार्रवाई पर टिकी हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Popular

More like this
Related

हाईकोर्ट ने पहले दी मंजूरी, फिर बदला फैसला… क्या यूपी की अदालतों में हर साल करोड़ों कागज हो रहे बर्बाद?

आगरा/प्रयागराज। उत्तर प्रदेश की न्यायपालिका में हर वर्ष करोड़ों...