आगरा. प्रमुख चौराहों के 50 मीटर दायरे में नो-एन्क्रोचमेंट और नो-पार्किंग जोन बनाने के निर्देश, आगरा पुलिस कमिश्नरेट ने शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु और सुरक्षित बनाने के लिए बड़ा अभियान शुरू किया है।
तरीके से खड़े हो वाहन
पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार ने बुधवार को मधुनगर चौराहा और बरसई चौराहा का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान चौराहों के आसपास अव्यवस्थित तरीके से खड़े वाहन, सड़क किनारे लगी ठेल-ढकेल और अतिक्रमण मिलने पर अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
50 मीटर दायरे न खड़े हो वाहन
पुलिस कमिश्नर ने स्पष्ट कहा कि शहर के सभी प्रमुख चौराहों के चारों ओर 50 मीटर के दायरे में किसी भी प्रकार की पार्किंग, अतिक्रमण या ठेल-ढकेल नहीं लगने दी जाएगी। इस क्षेत्र को प्रत्येक दिशा में “नो-एन्क्रोचमेंट और नो-पार्किंग जोन” के रूप में विकसित किया जाएगा, ताकि आम नागरिकों को जाम की समस्या से राहत मिल सके और यातायात सुचारु बना रहे।
दुकानदारों को किया अवेयर
निरीक्षण के दौरान पुलिस आयुक्त ने एसपी सिटी, एसपी ट्रैफिक और संबंधित थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाया जाए और दुकानदारों व स्थानीय लोगों को भी जागरूक किया जाए। पुलिस टीम ने मौके पर कई वाहनों की जांच की और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई भी की।
व्यस्त चौराहे करें चिन्हित
ऑनलाइन बैठक के माध्यम से सभी पुलिस अधिकारियों और थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों के व्यस्त चौराहों को चिन्हित करें। इसके लिए साप्ताहिक रोस्टर तैयार कर प्रतिदिन तीन घंटे का विशेष ट्रैफिक अभियान चलाया जाएगा। अभियान के तहत चौराहों के आसपास लगातार निगरानी रखी जाएगी।
नागरिकों को न हो असुविधा
पुलिस कमिश्नर ने कहा कि नागरिकों को यातायात में किसी प्रकार की असुविधा न हो, यह प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने ब्लैक फिल्म, तेज रफ्तार, स्टंटबाजी, बिना हेलमेट, मॉडिफाइड साइलेंसर और रॉन्ग साइड वाहन चलाने वालों के खिलाफ भी प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने की पहल
आगरा पुलिस के इस अभियान को शहर की बिगड़ती ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। आने वाले दिनों में शहर के अन्य प्रमुख बाजारों और चौराहों पर भी इसी प्रकार की सख्त कार्रवाई देखने को मिल सकती है।

