आगरा वायर: देशभर के मेडिकल कालेजों में प्रवेश के लिए होने वाली नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) की संयुक्त पात्रता एवं प्रवेश परीक्षा (नीट) रविवार को संपन्न होगी। आगरा में 21 केंद्रों पर आफलाइन मोड में होने वाली परीक्षा में करीब 10 हजार अभ्यर्थी शामिल होकर अपने सपनों की निर्णायक परीक्षा देंगे।
पेन पेंसिल ले जाने की नहीं छूट
पेपर-पेन मोड में होने वाली परीक्षा में अभ्यर्थियों को केंद्र में पेन या पेंसिल आदि भी ले जाने की छूट नहीं होगी। व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और हर केंद्र पर सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं।
सुरक्षा की पुख्ता इंतजाम
एडीएम सिटी यमुनाधर चौहान ने बताया कि सभी केंद्रों पर विशेष सुरक्षा रहेगी। प्रत्येक केंद्र पर एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात है। साथ ही सीसीटीवी कैमरों से कक्षाओं के साथ पूरे केंद्र परिसर की निगरानी की जाएगी। प्रश्नपत्रों को स्ट्रांग रूम में डबल लाक सुरक्षा के बीच रखा गया है। किसी भी स्थिति में लापरवाही की गुंजाइश नहीं छोड़ी गई है।
ड्रेस कोड में देंगे परीक्षा
अभ्यर्थियों को केंद्र के अंदर पेन, कापी या कोई भी सामग्री ले जाने की अनुमति नहीं है। परीक्षा केंद्र पर ही पेन उपलब्ध कराया जाएगा। परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए ड्रेस कोड भी स्पष्ट कर दिया गया है। इसमें अभ्यर्थियों को हल्के और साधारण कपड़ों के साथ चप्पल या सैंडल पहनने की सलाह दी गई है।
जेवर स्मार्ट घड़ी पर बेन
साथ ही किसी भी प्रकार के आभूषण या इलेक्ट्रानिक डिवाइस केंद्र में ले जाने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा।
11 बजे से मिलेंगे केंद्रों में प्रवेश
नीट यूजी दोपहर दो से पांच बजे तक संपन्न कराई जाएगी। इससे पूर्व अभ्यर्थियों को केंद्र पर पहुंचने पर गहन तलाशी से गुजरना होगा। साथ ही बायोमेट्रिक उपस्थिति भी ली जाएगी। इसमें लगने वाले समय को देखते हुए केंद्रों में रिपोर्टिंग सुबह 11 बजे से शुरू हो जाएगी। सुरक्षा कारणों से दोपहर डेढ़ बजे से पहले केंद्रों पर पहुंचने वाले अभ्यर्थियों को ही प्रवेश दिया जाएगा। इसके बाद प्रवेश नहीं दिया जाएगा, इसलिए अभ्यर्थी समय का विशेष ध्यान रखें।
यह रहेगा परीक्षा पैटर्न
होराइजन के जय वर्मा ने बताया कि परीक्षा में कुल 180 प्रश्न आएंगे, जिनमें से फिजिक्स और केमिस्ट्री से 45-45 और बायोलाजी से 90 प्रश्न पूछे जाएंगे। प्रत्येक सही उत्तर के लिए चार अंक मिलेंगे, जबकि गलत उत्तर पर एक अंक काट लिया जाएगा। प्रश्नों के आधार पर प्रत्येक प्रश्न को हल करने के लिए अभ्यर्थियों को एक ही मिनट मिलेगा, जो समय, ज्ञान और धैर्य की कसौटी को परखेगा। प्रश्न कठिन लगे, तो घबराएं नहीं, वो सभी के लिए होगा। इस कारण कटआफ भी नीचे रह सकती है इसलिए अपना सर्वश्रेष्ठ दें।
उम्मीदों का दबाव और सलाह
अनअकैडमी के कलेक्टर हेड तुषार सहल डॉक्टर गगन बोहरा ने बताया कि अभ्यर्थी कठिन प्रश्नों में उलझने के स्थान पर पहले आसान प्रश्नों को हल करें और ओएमआर शीट साथ-साथ भरते रहें, जिससे समय प्रबंधन ठीक से हो सके, कुछ ही प्रश्नों में उलझें, तो समय खराब होने की आशंका रहेगी।

